Showing posts with label Happy New Year 2012. Show all posts
Showing posts with label Happy New Year 2012. Show all posts

Sunday, January 1, 2012

नवदिवस की प्रथम लालिमा

आकाश में एक दिन मैंने
चंदा को जब गिरते देखा,
आँखें मेरी फटी रह गयी
रगों में मेरे रक्त थम गया|

जोर से भागा उसे लपकने
सूरज ने झट किरण पसारी,
बांह फैलाये दौड़ा सवेरा
बादल भी खोले आँचल आया|

ठोकर खा के मैं तो गिर गया
पर ऊपर देखा राहत पाया,
मेघा अरुण की गोद में
था सुरक्षित भोला चंद्रमा|

पूर्णेंदु यूँ तो चहक रहा था
नींद से पर थी बोझिल आँखें,
झिलमिल किरणों के दामन में
छुपकर नटखट हंस भी रहा था|

पूरी रात जो की थी शरारत
थक के बिलकुल चूर हुआ था
शनैः शनैः गहरी निद्रा में
बेफिक्री से फिर सो चूका था|

मैं नींद से जागा फिर उस पल
आँख रगड़ते उठ के बैठा,
बाहर खिड़की से देखा, पाया
नवदिवस की प्रथम लालिमा|

और छोटी सी मेरी ऐश्वर्या
जागकर मुझसे लिपट रही थी,
कानों में शायद फ़ुसक के मेरे
नया दिन मंगल कह रही थी|

-अमिताभ रंजन झा

नया साल मंगल हो!

आकाश, ऐश्वर्या और हर बच्चे को समर्पित! उनके उज्जवल भविष्य के लिए प्रार्थना!